गोड्डा में अंतरजिला मोटरसाइकिल चोर गिरोह का खुलासा, 12 चोरी की बाइक बरामद मेहरमा थाना क्षेत्र में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

गोड्डा। मेहरमा थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की लगातार हो रही घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न मामलों में चोरी की गई 12 मोटरसाइकिलें तथा वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल समेत मास्टर चाबी और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक, गोड्डा को गुप्त सूचना मिली थी कि मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं में संलिप्त भोला पंडित अपने साथी अभिषेक कुमार के साथ भगैया क्षेत्र में चोरी की मोटरसाइकिल के लिए आया हुआ है। सूचना के आधार पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे गोड्डा और साहेबगंज जिले के अलावा बिहार के भागलपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी की गई बाइक को भागलपुर जिले के आसपास के इलाकों में ले जाकर अज्ञात लोगों को बेचने की बात भी सामने आई।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 06 हीरो स्प्लेंडर प्लस, 04 हीरो सुपर स्प्लेंडर, 02 हीरो ग्लैमर और 01 हीरो HF डीलक्स, कुल 13 मोटरसाइकिल बरामद की हैं। इनमें 12 मोटरसाइकिलें विभिन्न कांडों में चोरी की गई बताई गई हैं, जबकि एक मोटरसाइकिल का इस्तेमाल अपराध में किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है। इसके अलावा 02 मास्टर चाबी और 02 मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं।

गिरफ्तार आरोपी

1. भोला पंडित (30 वर्ष)
पिता- स्व. शिव कुमार पंडित, पुरानी साहेबगंज कुम्हार टोला, थाना नगर, जिला साहेबगंज।

2. अभिषेक कुमार (19 वर्ष)
पिता- अमरेश कुमार मंडल, रामराय बाग, खूँटहरी, थाना कहलगाँव, जिला भागलपुर, बिहार।

पुलिस के अनुसार, भोला पंडित के विरुद्ध गोड्डा, साहेबगंज और भागलपुर के विभिन्न थानों में हत्या, डकैती, हथियार अधिनियम, चोरी एवं अन्य गंभीर धाराओं से संबंधित कई मामले दर्ज हैं। वहीं अभिषेक कुमार के विरुद्ध भी मेहरमा, बोआरीजोर और ललमटिया थाना में मोटरसाइकिल चोरी से संबंधित मामले दर्ज बताए गए हैं।

छापामारी दल

कार्रवाई में मेहरमा थाना प्रभारी पु.अ.नि. सौरभ कुमार ठाकुर समेत बोआरीजोर, बलबड्डा, ठाकुरगंगटी, बसंतराय, हनवारा के थाना प्रभारी एवं मेहरमा थाना के पुलिस पदाधिकारी, सहायक अवर निरीक्षक और रिजर्व गार्ड शामिल रहे।

गोड्डा पुलिस की इस कार्रवाई से मोटरसाइकिल चोरी की कई घटनाओं के उद्भेदन में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *