रांची, 29 जुलाई 2026। वाई.बी.एन. विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) प्रकोष्ठ एवं माँ कालावती होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में सदर अस्पताल, रांची के सहयोग से विश्वविद्यालय परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में रक्त संग्रह का कार्य सदर अस्पताल, रांची की विशेषज्ञ ब्लड कलेक्शन टीम द्वारा किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) एस. पोद्दार द्वारा फीता काटकर (रिबन कटिंग) किया गया। इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. दीप्ती भार्गव, उप कुलसचिव श्री संजय तिवारी, आईक्यूएसी निदेशक डॉ. आशीष सरकार, माँ कालावती होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के प्राचार्य (प्रभारी) डॉ. भास्कर कुमार, डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर (डीएसडब्ल्यू) डॉ. आरती गुप्ता तथा एनएसएस समन्वयक डॉ. कौशल किशोर सहित विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
अपने उद्घाटन संबोधन में कुलपति प्रो. (डॉ.) एस. पोद्दार ने कहा कि “रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान कर सकती है। युवाओं को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए सदैव आगे आना चाहिए तथा समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलानी चाहिए। राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक सेवा, समर्पण और मानवता के सच्चे दूत हैं। ऐसे आयोजन समाज के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी को सशक्त बनाते हैं तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक सिद्ध होते हैं।”
विश्वविद्यालय के अध्यक्ष श्री रामजी यादव एवं मुख्य प्रबंध निदेशक डॉ. अंकिता यादव ने रक्तदाताओं एवं सभी स्वयंसेवकों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएँ एवं बधाई प्रेषित करते हुए कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान मानवता की सर्वोत्तम सेवा है। उन्होंने सभी रक्तदाताओं के इस निस्वार्थ योगदान की सराहना करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर समाजसेवा की कामना की। साथ ही उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान कर जरूरतमंदों के जीवन की रक्षा में सहभागी बनने का आह्वान किया।
रक्तदान शिविर में कुल 46 स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें अनेक स्वयंसेवकों ने शिविर के सफल संचालन में अपनी सेवाएँ प्रदान कीं, जबकि 26 यूनिट रक्त का सफलतापूर्वक संग्रह सदर अस्पताल, रांची की ब्लड कलेक्शन टीम द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके इस मानवीय योगदान की सराहना की तथा भविष्य में भी नियमित रूप से रक्तदान करने का आह्वान किया। अंत में एनएसएस समन्वयक डॉ. कौशल किशोर ने सदर अस्पताल की ब्लड कलेक्शन टीम, माँ कालावती होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, सभी अतिथियों, स्वयंसेवकों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह स्वैच्छिक रक्तदान शिविर युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व, मानव सेवा, परोपकार एवं रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक प्रेरणादायक एवं सफल पहल सिद्ध हुआ।






