रांची, 28 जुलाई: रांची पुलिस ने अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर में हुई चर्चित चोरी की घटना का बड़ा खुलासा करते हुए करीब 65 लाख रुपये मूल्य के 400 ग्राम सोने एवं मोती के आभूषण बरामद किए हैं। इस बरामदगी के साथ ही मामले में अब तक एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संपत्ति बरामद की जा चुकी है।
जानकारी के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को अशोक नगर निवासी निशित केसरी एवं अखिलेश पांडेय के घर में चोरी हुई थी। इस संबंध में अरगोड़ा थाना कांड संख्या-172/2026 दर्ज कर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए पुलिस ने पहले घटना में प्रयुक्त जगुआर कार (UP78EM0101), चोरी गए सोने के आभूषण तथा ₹17,36,200 नकद बरामद किए थे। आगे की कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपी समीर खान उर्फ कबीर खान, जो मुजफ्फरपुर का सोना व्यवसायी है, की निशानदेही पर उसके ससुराल से लगभग 400 ग्राम सोने एवं मोती के आभूषण बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब ₹65 लाख बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान समीर खान उर्फ कबीर खान, निवासी शुक्ला रोड, थाना नगर, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार) के रूप में हुई है।
रांची पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और चोरी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में सहायक पुलिस अधीक्षक (कोतवाली) निखिल राय, वरीय पुलिस उपाधीक्षक (हटिया) नीरज कुमार सहित अरगोड़ा, डेली मार्केट, नामकुम एवं अन्य थानों के पुलिस अधिकारियों की विशेष टीम शामिल रही।






