देवघर, 25 जुलाई: आगामी राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर शनिवार को देवघर परिसदन सभागार में नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, पर्यटन, कला एवं संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में देवघर और दुमका जिला प्रशासन ने विभागवार तैयारियों और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े कार्यों की प्रस्तुति दी।
मंत्री ने निर्देश दिया कि 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलने वाले मेले से पहले 28 जुलाई तक सभी तैयारियां हर हाल में पूरी कर ली जाएं, ताकि बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रावणी मेला के दौरान आउट ऑफ टर्न (VIP/VVIP) दर्शन पूरी तरह बंद रहेगा, जिससे आम श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही 29 जुलाई को दोबारा तैयारियों की समीक्षा करने की भी घोषणा की।
बैठक में मेला क्षेत्र में टेंट सिटी का विस्तार, पेयजल, शौचालय, स्नानगृह, मिस्ट कूलिंग, इंद्र वर्षा (वाटर स्प्रे), सफाई, कचरा प्रबंधन, बिजली, प्रकाश व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। देवघर-बासुकीनाथ मार्ग पर आवागमन सुचारु रखने के लिए जिला प्रशासन और नेशनल हाईवे प्राधिकरण को समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया।
श्रद्धालुओं की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए QR कोड आधारित फीडबैक सिस्टम लागू किया जाएगा। इसके माध्यम से श्रद्धालु अपनी समस्या सीधे प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे।
इस वर्ष श्रावणी मेले में आधुनिक तकनीकों का भी व्यापक उपयोग होगा। AI आधारित इंटीग्रेटेड मेला कंट्रोल रूम, AI कैमरे, फेस रिकग्निशन, ड्रोन निगरानी, AI ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, ANPR कैमरे, हेड काउंटिंग सिस्टम, QR आधारित शिकायत प्रणाली, लोकेशन आधारित अटेंडेंस सिस्टम और डिजिटल पवेलियन जैसी तकनीकों का उपयोग सुरक्षा और प्रबंधन को मजबूत बनाने के लिए किया जाएगा।
बैठक में देवघर, दुमका और राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।






