रांची, 24 जुलाई। रथ मेला-2026 के दौरान लगातार हो रही मोबाइल छिनतई और चोरी की घटनाओं का रांची पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विरुद्ध किशोर को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोबाइल, वारदात में प्रयुक्त दो बाइक और चोरी का सामान बरामद किया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वरीय पुलिस उपाधीक्षक (हटिया) के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने विधानसभा थाना क्षेत्र के जेपी मार्केट और प्रभात तारा मैदान में कार्रवाई करते हुए प्रकाश कुमार (19) और शिवम कुजूर (22) को गिरफ्तार किया। इनके साथ एक विधि विरुद्ध किशोर को भी निरुद्ध किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से विधानसभा थाना कांड संख्या 58/26 में छीना गया रेडमी 5जी मोबाइल बरामद किया। साथ ही घटना में प्रयुक्त Yamaha R15 (JH-01EQ-0698) और Suzuki Gixxer (JH-01FV-1310) बाइक भी जब्त की गई।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने 22 जुलाई को रथ मेला में स्कूटी सवार एक महिला से भी मोबाइल छीनने की घटना को अंजाम दिया था। इसके अलावा 23 जुलाई की रात धुर्वा थाना क्षेत्र में गश्ती के दौरान एक आरोपी को मेला की दुकानों से चोरी किए गए सामान के साथ गिरफ्तार किया गया। उसके पास से सैंडल, बैग सहित अन्य चोरी का सामान बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी:
- रेडमी 5जी मोबाइल
- Yamaha R15 बाइक (JH-01EQ-0698)
- Suzuki Gixxer बाइक (JH-01FV-1310)
- मेला की दुकानों से चोरी किए गए सैंडल, बैग व अन्य सामान








