रांची, 22 जुलाई। कांग्रेस की ओर से चलाए जा रहे ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत बुधवार को रांची के हरमू स्थित नवीन सरना कॉलेज छात्रावास में ‘विद्यार्थी संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्य की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने छात्रों से संवाद करते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं, शिक्षा व्यवस्था और लगातार हो रहे पेपर लीक के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा।
दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि देश के युवाओं का भविष्य लगातार हो रहे पेपर लीक से प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों और युवाओं के मुद्दों के प्रति संवेदनशील नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संवैधानिक तरीके से छात्रों और युवाओं की लड़ाई लड़ते हुए उन्हें उनका अधिकार दिलाने का काम करेगी।
संवाद के दौरान छात्रावास के विद्यार्थियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, सीमित संसाधनों में पढ़ाई और पेपर लीक से जुड़ी समस्याओं को मंत्री के सामने रखा। दीपिका पांडेय सिंह ने दावा किया कि वर्ष 2016 से अब तक देश में पेपर लीक के 152 मामले सामने आ चुके हैं, जो शिक्षा व्यवस्था की गंभीर स्थिति को दर्शाते हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार संसद और सड़क पर युवाओं के अधिकारों की आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा, कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।
कार्यक्रम में छात्रावास के छात्र इन्द्रनाथ उरांव और सुमित उरांव ने भी वर्तमान परीक्षा प्रणाली और पेपर लीक की घटनाओं की आलोचना की। उन्होंने कहा कि इसका सबसे अधिक नुकसान आर्थिक और सामाजिक रूप से संघर्ष कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को उठाना पड़ता है।
इस अवसर पर आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज उरांव, राजेश सिन्हा उर्फ सन्नी, समीर हांसदा, बसंत उरांव, संजय उरांव, कमल उरांव, राजू उरांव, प्रदीप उरांव सहित बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।






