झारखंड में फिल्म एवं मीडिया शिक्षा को नई उड़ान, JFDC और SRFTI के बीच हुआ MoU

SHARE:

रांची, 22 जुलाई: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की उपस्थिति में बुधवार को झारखंड मंत्रालय में झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (JFDC) और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI), कोलकाता के बीच महत्वपूर्ण समझौता (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस पहल का उद्देश्य राज्य के युवाओं को फिल्म, मीडिया और डिजिटल कंटेंट निर्माण के क्षेत्र में विश्वस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समझौता झारखंड के प्रतिभाशाली कलाकारों और फिल्मकारों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा। उन्होंने कहा कि झारखंड में फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं हैं और यहां की रचनात्मक प्रतिभाओं को सही मंच, आधुनिक तकनीक और गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देकर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया जा सकता है।

प्रारंभिक चरण में झारखंड फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (JFTI) के माध्यम से शॉर्ट-ड्यूरेशन कोर्स शुरू किए जाएंगे। इनमें साउंड डिजाइनिंग, एडिटिंग, एनिमेशन, स्क्रिप्ट एवं स्क्रीनप्ले राइटिंग, सिनेमैटोग्राफी, डायरेक्शन और फिल्म प्रोडक्शन जैसे विषय शामिल होंगे। यह प्रशिक्षण पारंपरिक सिनेमा के साथ-साथ OTT प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएशन के लिए भी युवाओं को तैयार करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की यह पहल क्रिएटिव युवाओं को बेहतर मंच प्रदान करेगी और उनके हुनर को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि JFTI झारखंड के युवाओं के सपनों को नई उड़ान देगा और राज्य को फिल्म निर्माण के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले फिल्मकार बीजू टोप्पो, रविराज मुर्मू, अनुज कुमार और निरंजन कुजूर को सम्मानित किया।

इस अवसर पर वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के विशेष सचिव राजीव लोचन बक्शी, SRFTI के कुलपति समीरन दत्ता सहित विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि, फिल्म विशेषज्ञ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *