रांची: झारखंड कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने रविवार को रांची स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में देश की परीक्षा प्रणाली और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं से देश के करोड़ों छात्र-छात्राओं का भविष्य प्रभावित हुआ है और युवा लोकतांत्रिक एवं अहिंसक तरीके से अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं।
प्रदीप यादव ने दावा किया कि वर्ष 2014 से अब तक देश में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के 152 पेपर लीक हुए हैं, जिससे करीब 7.5 करोड़ छात्र-छात्राओं का भविष्य प्रभावित हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अब तक किसी बड़े दोषी को सजा दिलाने या जवाबदेही तय करने में विफल रही है।
उन्होंने कहा कि हर वर्ष लाखों युवा कठिन परिश्रम से परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी मेहनत पर पानी फेर देती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों के भविष्य की बजाय संस्थानों में अपने विचारधारा के लोगों की नियुक्ति को प्राथमिकता दे रही है।
प्रदीप यादव ने कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी छात्रों की आवाज़ को मजबूती से उठा रहे हैं। उन्होंने बताया कि “छात्रों की गूंज” अभियान के माध्यम से देशभर में छात्रों से संवाद किया जा रहा है और युवाओं के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जा रहा है।
इस अवसर पर अभियान के संयोजक कुमार राजा ने बताया कि “छात्रों की गूंज” अभियान देश के 28 शहरों में 40 दिनों तक चलाया जा रहा है। अभियान के तहत छात्र संवाद, मैराथन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रेस वार्ता और मशाल जुलूस जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
प्रेस वार्ता में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अभिलाष साहू, महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव तथा कार्यालय प्रभारी राजन वर्मा भी मौजूद रहे।
#Ranchi #Jharkhand #Congress #PradeepYadav #PaperLeak #Students #Education #RahulGandhi #ExamScam #NTA #Youth #StudentProtest #JharkhandNews #RanchiNews #TheRanchiNewsScope






