रांची, 19 जुलाई। आगामी सावन पर्व को लेकर जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने रविवार को रांची के पहाड़ी बाबा मंदिर पहुंचकर विकास कार्यों और तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सावन में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को दर्शन, पूजा-अर्चना और अन्य सुविधाओं में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सीढ़ी मार्ग, शौचालय निर्माण, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, बैठने की सुविधा, पेवर ब्लॉक एवं अन्य विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि पहाड़ी बाबा रांचीवासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र हैं, इसलिए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सुरक्षा, स्वच्छता और भीड़ प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
सावन पर्व को लेकर प्रशासन ने महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए मंदिर परिसर में शीशे की किसी भी प्रकार की पूजन सामग्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है। उपायुक्त ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे पूजा के दौरान शीशे या धातु की वस्तुओं का उपयोग न करें तथा दुकानदारों से भी ऐसी सामग्री नहीं बेचने का आग्रह किया।
निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने जिला प्रशासन की ओर से पहाड़ी बाबा मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर रांचीवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर सदर एसडीओ कुमार रजत, सिटी एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण समेत जिला प्रशासन, नगर निगम, विद्युत विभाग एवं पहाड़ी मंदिर समिति के सदस्य उपस्थित रहे।







