संविधान दिवस पर हजारीबाग पुलिसकर्मियों ने ली संविधान की प्रस्तावना की शपथ

SHARE:

हजारीबाग: संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, हजारीबाग में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराते हुए संविधान के मूल आदर्शों के प्रति निष्ठा रखने की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने सभी को संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला और देश की आत्मा है। संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्शों को आत्मसात करते हुए प्रत्येक नागरिक एवं सरकारी कर्मी को अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि संविधान के मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहकर ही हम राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। संविधान केवल अधिकारों का दस्तावेज नहीं, बल्कि नागरिकों को उनके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी बोध कराता है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया तथा लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस मौके पर पुलिस पदाधिकारियों ने भी संविधान दिवस के महत्व पर अपने विचार साझा किए और संविधान में निहित मूल्यों को व्यवहार में अपनाने पर जोर दिया।

हजारीबाग जिले के सभी थाना एवं ओपी, पुलिस निरीक्षक कार्यालय, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालयों सहित अन्य पुलिस कार्यालयों में भी संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें