गोड्डा में ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

गोड्डा, 26 नवंबर 2026। गोड्डा जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हरिपुर और जमनी पहाड़पुर गांव में छापेमारी कर आरोपियों के पास से करीब 80 ग्राम ब्राउन शुगर, चार स्मार्टफोन, तीन हजार रुपये नकद और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार, गोड्डा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ग्राम हरिपुर में ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार और सेवन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) जयप्रकाश नारायण चौधरी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

छापेमारी के दौरान हरिपुर गांव से अंकित कुमार साह उर्फ लल्लू और अभिषेक कापरी को पकड़ा गया। तलाशी में अंकित के पास से करीब 40 ग्राम ब्राउन शुगर, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक स्मार्टफोन और तीन हजार रुपये नकद बरामद किए गए। वहीं, अभिषेक कापरी के पास से करीब 20 ग्राम ब्राउन शुगर, एक स्मार्टफोन और बुलेट मोटरसाइकिल बरामद हुई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ और उनकी निशानदेही पर जमनी पहाड़पुर गांव में छापेमारी की। यहां से उनके सहयोगी बादल कुमार साह और संदीप कुमार साह को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान बादल के पास से करीब 10 ग्राम ब्राउन शुगर और एक स्मार्टफोन, जबकि संदीप के पास से करीब 10 ग्राम ब्राउन शुगर, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक स्मार्टफोन और मोटरसाइकिल बरामद की गई।

80 ग्राम ब्राउन शुगर समेत अन्य सामान जब्त

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल करीब 80 ग्राम ब्राउन शुगर, तीन हजार रुपये नकद, चार स्मार्टफोन, एक काले रंग की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (JH17X-9655) और एक काले रंग की बुलेट मोटरसाइकिल (JH17AE-8729) जब्त की है।

चारों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की तैयारी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित कुमार साह उर्फ लल्लू (22 वर्ष), निवासी हरिपुर; अभिषेक कापरी (21 वर्ष), निवासी कन्हाई पकडिया; बादल कुमार साह (22 वर्ष), निवासी दलदली और संदीप कुमार साह (19 वर्ष), निवासी जमनी पहाड़पुर के रूप में हुई है। सभी गोड्डा जिले के निवासी बताए गए हैं।

इस मामले में गोड्डा मुफस्सिल थाना कांड संख्या 212/2026, दिनांक 26 नवंबर 2026 के तहत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार और सेवन से जुड़े होने की बात स्वीकार की है। मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

छापेमारी दल में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल

कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) जयप्रकाश नारायण चौधरी, पुलिस निरीक्षक दिनेश कुमार महली, गोड्डा मुफस्सिल थाना प्रभारी आनंद कुमार साहा, नगर थाना प्रभारी शिवदयाल सिंह सहित विभिन्न पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें