पाकुड़, 26 नवंबर 2026। झारखंड के पाकुड़ जिले में ग्रामीण जलापूर्ति योजना के परिसर से लोहे के डीआई पाइप की डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घटना की सूचना मिलने के महज चार घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से डकैती किए गए 42 लोहे के डीआई पाइप, एक ट्रक, एक बोलेरो और आठ मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। बरामद पाइपों की अनुमानित कीमत 4 से 5 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 26 नवंबर की रात पाकुड़ जिले के पाकुड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत सलगापाड़ा स्थित कंगला मोड़ के पास वाटर ट्रीटमेंट प्लांट परिसर में ग्रामीण जलापूर्ति योजना के लिए रखे लोहे के डीआई पाइप को 8 से 10 अज्ञात व्यक्ति डकैती कर ले गए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, महेशपुर के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया।
तकनीकी और मानवीय सूचना से मिली सफलता
गठित SIT ने तकनीकी एवं मानवीय सूचनाओं के आधार पर लगातार छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने डकैती में शामिल 10 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए चोरी किए गए पाइप भी बरामद कर लिए। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने ग्रामीण जलापूर्ति योजना के परिसर से डीआई पाइप ले जाने की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल एक अशोक लेलैंड ट्रक (WB19K-2283) और एक महिंद्रा बोलेरो (WB26AV-7837) को भी जब्त किया है। इसके अलावा आठ अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल फोन, एक लोहे का रॉड और एक लाठी भी बरामद की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में पश्चिम बंगाल और बिहार के निवासी शामिल
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ताज मुहम्मद शेख, जहांगीर आलम, उत्पल शील, मानिक शील, नील कमल शील, सजल दास, सिराज शेख, तुजामेल शेख, नशीरुद्दीन और संजीत महतो के रूप में हुई है। इनमें अधिकांश आरोपी पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के निवासी हैं, जबकि संजीत महतो बिहार के मुजफ्फरपुर जिले का निवासी बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, तुजामेल शेख बोलेरो और संजीत महतो ट्रक चालक है।
कुछ आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी आया सामने
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में ताज मुहम्मद शेख, जहांगीर आलम और नील कमल शील का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। इनके खिलाफ पूर्व में विभिन्न थानों में मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
इस मामले में वादी भोला कुमार राय के बयान के आधार पर पाकुड़िया थाना कांड संख्या 81/2026, दिनांक 26 नवंबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(2) में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार सभी 10 आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
SIT की टीम को मिली सफलता
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार के नेतृत्व में पाकुड़िया थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, रद्दीपुर ओपी प्रभारी राहुल कुमार गुप्ता, अजय कुमार महतो सहित पाकुड़िया एवं महेशपुर थाना के पुलिस पदाधिकारी और कर्मी शामिल रहे। तकनीकी शाखा तथा संबंधित थानों के सशस्त्र बल ने भी अभियान में सहयोग किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की अपराध शैली क्षेत्र में घूम-घूमकर चोरी और डकैती की घटनाओं को अंजाम देना रही है। इस गिरोह की गतिविधियां पाकुड़ और पश्चिम बंगाल के क्षेत्रों में बताई गई हैं।





