सीसीएल मुख्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वां संविधान दिवस

SHARE:

रांची, 26 नवंबर 2026। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय में गुरुवार को 77वां संविधान दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर सीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र तथा मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) पंकज कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महाप्रबंधकों, विभागाध्यक्षों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत सीसीएल मुख्यालय परिसर स्थित डॉ. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन हुआ। सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया। इस दौरान सभी ने संविधान के मूल्यों, आदर्शों और लोकतांत्रिक सिद्धांतों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान का मूल सार ‘अधिकार’ और ‘कर्तव्य’ में निहित है। संविधान जहां नागरिकों को अधिकार प्रदान करता है, वहीं राष्ट्र, समाज और अपने कार्यों के प्रति कर्तव्यों का बोध भी कराता है। उन्होंने सभी से संवैधानिक मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने और अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की अपील की।

निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि संविधान केवल एक विधिक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का मजबूत आधार है। प्रत्येक नागरिक और सीसीएल कर्मी का दायित्व है कि वह संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करते हुए ईमानदारी, निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करे।

वहीं, मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार ने कहा कि संविधान हमें निष्पक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 14 एवं 21 का उल्लेख करते हुए कहा कि ये अनुच्छेद प्रत्येक व्यक्ति को समानता और गरिमापूर्ण जीवन का अधिकार सुनिश्चित करते हैं।

इस अवसर पर सीसीएल की E-Journal पत्रिका के द्वितीय संस्करण का लोकार्पण भी किया गया। इसके साथ ही संविधान से जुड़े विभिन्न विषयों पर ओपन क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम में स्वागत भाषण महाप्रबंधक (विधि विभाग) जोबी वी.पी. ने दिया। उन्होंने बताया कि 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान को अंगीकृत किया गया था, जबकि 26 जनवरी 1950 को इसे लागू किया गया। धन्यवाद ज्ञापन विधि विभाग के वरीय प्रबंधन महेंद्र प्रताप ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें