मुंह से लिखकर फैजानुल्लाह ने मैट्रिक में हासिल किए 93.8% अंक, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बढ़ाया हौसला

SHARE:

रांची, 26 नवंबर 2026। मजबूत इच्छाशक्ति और दृढ़ संकल्प के सामने शारीरिक चुनौतियां भी छोटी पड़ जाती हैं। इसकी प्रेरणादायक मिसाल गोड्डा के दिव्यांग छात्र मो. फैजानुल्लाह ने पेश की है। सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित फैजानुल्लाह ने दांतों से पेन पकड़कर यानी मुंह से लिखते हुए झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) की मैट्रिक परीक्षा 2026 में 93.8 प्रतिशत अंक हासिल कर शानदार सफलता प्राप्त की है।

गुरुवार को फैजानुल्लाह ने झारखंड विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को अपनी शारीरिक स्थिति, पढ़ाई के सफर और परीक्षा में सफलता हासिल करने के अनुभवों से अवगत कराया।

फैजानुल्लाह ने बताया कि वे सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित हैं और हाथों से लिखने में असमर्थ होने के कारण दांतों से पेन पकड़कर परीक्षा देते हैं। तमाम चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से मैट्रिक परीक्षा में 93.8 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। उनका नामांकन यूएचएस शिवाजीनगर, गोड्डा में था।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने छात्र की उपलब्धि और शिक्षा के प्रति उनके जज्बे की सराहना की। उन्होंने फैजानुल्लाह को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उनका हौसला बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की ओर से उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मो. फैजानुल्लाह की उपलब्धि केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणादायक है। यह सफलता समावेशी शिक्षा, दृढ़ इच्छाशक्ति और दिव्यांग बच्चों में छिपी प्रतिभा का उत्कृष्ट उदाहरण है।

समावेशी शिक्षा व्यवस्था से मिली सफलता

उल्लेखनीय है कि फैजानुल्लाह की पढ़ाई झारखंड सरकार की समावेशी शिक्षा व्यवस्था के अंतर्गत होम बेस्ड एजुकेशन (HBE) के माध्यम से संचालित हुई। इसी व्यवस्था के सहयोग और अपनी मेहनत के दम पर उन्होंने मैट्रिक परीक्षा में यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।

इस अवसर पर राज्य सरकार के कई मंत्री और विधायक भी उपस्थित थे। फैजानुल्लाह की सफलता ने यह संदेश दिया है कि उचित अवसर, सहयोग और मजबूत इच्छाशक्ति के साथ हर बच्चा अपनी प्रतिभा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *