MMDR संशोधन विधेयक 2026: राज्यों के अधिकार और राजस्व रहेंगे सुरक्षित, खनिज क्षेत्र में पारदर्शिता बढ़ाने पर जोर

SHARE:

नई दिल्ली/रांची। खान और खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 को लेकर राज्यों के अधिकार, खनिज-युक्त भूमि और राजस्व में कटौती को लेकर उठ रहे सवालों के बीच सरकार की ओर से स्थिति स्पष्ट की गई है। 13 अगस्त 2026 को संसद से पारित इस विधेयक का उद्देश्य राज्यों के अधिकारों को कम करना नहीं, बल्कि खनिज क्षेत्र में कराधान और नियमन को अधिक स्पष्ट, पारदर्शी और एकरूप बनाना है।

विधेयक के सेक्शन 9(घ) के तहत खनिज अधिकारों अथवा खनिज-युक्त भूमि पर कर, उपकर या अन्य शुल्क लगाने का अधिकार राज्यों के पास रहेगा। हालांकि, केंद्र सरकार को ऐसे कराधान को विनियमित करने की शक्ति दी गई है।

राज्यों की जमीन पर अधिकार बरकरार

विधेयक को लेकर सबसे बड़ी आशंका यह जताई जा रही थी कि क्या केंद्र सरकार खनिज-युक्त राज्यों की जमीन पर नियंत्रण हासिल कर लेगी। सरकार के अनुसार, ऐसा नहीं है। विधेयक जमीन के मालिकाना हक में कोई बदलाव नहीं करता। जिस जमीन पर राज्य का अधिकार है, वह अधिकार यथावत रहेगा।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि भूमि का मालिकाना हक और खनिजों से संबंधित कर एवं नियमन दो अलग-अलग विषय हैं। संशोधन का संबंध कराधान व्यवस्था को स्पष्ट करने से है, न कि राज्यों की जमीन के अधिकार को समाप्त करने से।

खनन राजस्व में राज्यों का हिस्सा रहेगा करीब 90 प्रतिशत

खनिज क्षेत्र से राज्यों को मिलने वाले राजस्व को लेकर भी सरकार ने कहा है कि इसमें कोई कटौती नहीं की जा रही है। राज्यों का हिस्सा लगभग 90 प्रतिशत के स्तर पर बना रहेगा।

खनन से राज्यों को मिलने वाले प्रमुख राजस्व स्रोतों में रॉयल्टी, ऑक्शन प्रीमियम, जिला खनिज फाउंडेशन (DMF) और GST में राज्यों का हिस्सा शामिल हैं। सरकार का कहना है कि इन राजस्व स्रोतों से राज्यों के हित सुरक्षित रहेंगे।

रेत-बजरी जैसे गौण खनिज राज्यों के नियंत्रण में

संशोधन के तहत गौण खनिजों (Minor Minerals) के नियमन और नियंत्रण में राज्यों की भूमिका बरकरार रहेगी। रेत, बजरी, बोल्डर और मोरम जैसे खनिजों का नियमन पहले की तरह राज्य सरकारों के अधिकार क्षेत्र में रहेगा।

बताया गया है कि करीब 50 गौण खनिज राज्यों के नियंत्रण में ही रहेंगे। इसका सीधा असर स्थानीय निर्माण, सड़क, मकान और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं से जुड़ा है।

कर व्यवस्था को सरल और एकरूप बनाने पर जोर

सरकार के अनुसार खनिज क्षेत्र में अलग-अलग स्तरों पर लागू विभिन्न कर और शुल्क व्यवस्था को कई बार जटिल बनाते हैं। राज्यों की ओर से लागू 14 तरह की मौजूदा लेवी के कारण कराधान को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है।

ऐसे में संशोधन का उद्देश्य एक ऐसी व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें सरकार, उद्योग और अन्य हितधारकों के लिए नियम और दायित्व स्पष्ट हों।

विकास और राज्यों के हित में संतुलन की कोशिश

खनिज संसाधन देश के बुनियादी ढांचे, ऊर्जा, उद्योग, रेलवे, सड़क और आवास क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। सरकार का मानना है कि खनिज क्षेत्र में नियमों की स्पष्टता से निवेश और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है।

इससे रोजगार, स्थानीय कारोबार और राज्यों के आर्थिक अवसरों में भी वृद्धि की संभावना है। ऐसे में सरकार इस संशोधन को केंद्र बनाम राज्य के बजाय केंद्र और राज्य के साझा विकास के नजरिए से देखने पर जोर दे रही है।

क्या बदलेगा, क्या नहीं?

  • राज्यों की जमीन का मालिकाना हक: बरकरार रहेगा।
  • खनन से राज्यों का राजस्व: लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा बना रहेगा।
  • रॉयल्टी और ऑक्शन प्रीमियम: राज्यों को मिलता रहेगा।
  • DMF से होने वाले लाभ: जारी रहेंगे।
  • GST में राज्यों का हिस्सा: सुरक्षित रहेगा।
  • रेत, बजरी, बोल्डर, मोरम जैसे गौण खनिज: राज्यों के नियंत्रण में रहेंगे।
  • मुख्य बदलाव: खनिज क्षेत्र में कराधान और नियमन को अधिक स्पष्ट एवं एकरूप बनाने पर जोर।

सरकार का संदेश साफ है कि MMDR संशोधन विधेयक 2026 को राज्यों के अधिकारों और राजस्व में कटौती के रूप में नहीं, बल्कि खनिज क्षेत्र में सुधार और कर व्यवस्था को स्पष्ट करने के प्रयास के रूप में देखा जाना चाहिए।

केंद्र और राज्य सरकारों के बीच सहयोग, समन्वय और संघीय व्यवस्था की भावना के साथ खनिज संसाधनों के बेहतर उपयोग से ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य को गति देने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें