रांची पुलिस ने ज्वेलरी चोरी गिरोह का किया खुलासा, जिला बदर अपराधी समेत दो गिरफ्तार

SHARE:

रांची, 25 जुलाई: रांची पुलिस ने बीआईटी मेसरा स्थित पीपी ज्वेलर्स में हुई करीब ₹65 लाख की ज्वेलरी चोरी मामले का खुलासा करते हुए जिला बदर अपराधी सहित दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी की चांदी की ज्वेलरी और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 10 जून 2026 की रात बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र के कौशल्या कॉम्प्लेक्स स्थित पीपी ज्वेलर्स से ₹6,000 नकद और लगभग ₹65 लाख के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए गए थे। इस संबंध में सदर (मेसरा) थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

जांच के दौरान 24 जुलाई को खूँटी के तोरपा थाना से सूचना मिली कि चोरी करने वाले गिरोह के सदस्य पूर्वी सिंहभूम में छिपे हैं और रांची व पूर्वी सिंहभूम में फिर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक (सदर) संजीव कुमार बेसरा के नेतृत्व में गठित टीम ने पूर्वी सिंहभूम पुलिस के सहयोग से सुंदरनगर में छापेमारी कर अमित कुमार सिंह उर्फ अमित कुमार सिंगारी (36) को गिरफ्तार किया।

अमित की निशानदेही पर पुलिस ने रजनीश लाल (56) को भी गिरफ्तार किया। रजनीश की निशानदेही पर मानगो स्थित मनसा ज्वेलर्स से चोरी की बड़ी मात्रा में चांदी की ज्वेलरी बरामद की गई।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अपने 3-4 अन्य साथियों के साथ मिलकर रांची और पूर्वी सिंहभूम के विभिन्न मकानों और ज्वेलरी दुकानों में चोरी कर चोरी के सामान की खरीद-बिक्री करते थे। आरोपियों ने मार्च, अप्रैल और जून 2026 के दौरान ओरमांझी और बीआईटी मेसरा क्षेत्र की ज्वेलरी दुकानों में हुई चोरी में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

इस मामले में गिरोह के अन्य सदस्य बाबू पिल्लै, दीपक कुमार सिंह उर्फ कल्लू सरदार और मोहम्मद अफरोज को पहले ही तोरपा थाना (खूँटी) पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

प्रमुख बरामदगी

  • 2 स्मार्टफोन
  • 56 पुरुषों की चांदी की अंगूठियां
  • 38 महिलाओं की चांदी की अंगूठियां
  • 128 चांदी के लॉकेट
  • 65 चांदी के ताबीज
  • 28 जोड़ी चांदी की पायल
  • 123 जोड़ी बिछिया
  • चांदी के ब्रेसलेट, कड़े, चेन, चरण पादुका सहित बड़ी मात्रा में अन्य आभूषण

गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *